


© PKL
कबड्डी स्टार रोहित कुमार गिरफ्तार हुए
10/22/2016
भारतीय कबड्डी स्टार रोहित कुमार चिल्लर, दिल्ली पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। उन पर अपनी पत्नी ललिता के उत्पीड़न का आरोप है, जिसके कारण उसने इसी महीने में आत्महत्या कर ली थी। रोहित को उनके पिता के साथ गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों पर उत्पीड़ण का आरोप है, जिसके ऑडियो क्लिप फोन से मिले हैं।
पुलिस के एक आला अधिकारी ने अपने बयान में कहा कि दिल्ली पुलिस ने रोहित को मुंबई से गिरफ्तार किया है। उन्हें पहले मुबई कोर्ट में पेश किया जायेगा। उसके बाद दिल्ली ले जाने की अनुमति मांगी जायेगी।
रोहित के पिता दिल्ली पुलिस में सब-इंसपेक्टर हैं और उन्होंने शुक्रवार को दिल्ली के नांगलोई पुलिस स्टेशन में आत्म सर्मपण कर दिया।
डीसीपी विजय कुमार ने कहा, ‘ नेवी से कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद हमारी टीम ने रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें हमे कोई दिक्कत नहीं आयी। स्थानीय कोर्ट ने रविवार तक के लिए ट्रांजिट रिमांड दिया है। रोहित को दिल्ली लाकर उन्हे स्थानीय कोर्ट के सामने प्रस्तुत किया जायेगा।’
पुलिस ने ललिता का सुसाइडल नोट और उसके फोन से उनकी ऑडियो रिकॉर्डिंग मिलने के साथ रोहित और उनके परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना के कारण हत्या के आरोप में केस दर्ज किया था। इस ऑडियो में आरोपकर्ता (ललिता) ने रोहित पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने बताया कि उन्हें दो वॉइस मेसेज मिले हैं, जिनमें ललिता ने रोहित और उसके परिवार पर प्रातड़ना और आत्महत्या के लिए विवश करने का आरोप लगाया था।
ललिता के पिता ने आरोप लगाया कि रोहित के परिवार ने दहेज में एसयूवी कार की मांग की थी।
ऑडियो क्लिप में ललिता ने कहा है कि मैं चाहती हूं कि रोहित मेरा अंतिम संस्कार करे। जिस आदमी ने मुझे अपनी पत्नी बनाकर अपने घर लाया और उसके बाद मुझे पीटा और मुझसे अमानवीय व्यवहार किया, उसे तकलीफ पहुंचे। यहां तक कि उसके परिवार वाले भी मुझे पीटते रहे। उसकी बहन ने मुझे गालियां दीं। जबकि मैंने कुछ नहीं किया था। लेकिन मैं नहीं चाहती कि मेरी मौत के बाद उन्हें कुछ हो।
